ग्राम पंचायत अलहदादपुर नीवरी को नगर निगम में शामिल करने की उठी मांग
अलीगढ़। ग्राम पंचायत अलहदादपुर नीवरी की प्रधान श्रीमती रूबीना बेगम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक पत्र के माध्यम से मांग की है कि उनके ग्राम पंचायत को जिला अलीगढ़ के नगर निगम में सम्मिलित किया जाए।
प्रधान द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि अलहदादपुर नीवरी पंचायत में लगभग 8000 मतदाता हैं और कुल जनसंख्या लगभग 50 से 60 हजार है। यह क्षेत्र शहर सीमा से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, और इसमें तेजी से नई आबादी विकसित हो रही है।
पत्र में बताया गया है कि नगर निगम की सीमा पहले ही लगभग 10 किलोमीटर के दायरे तक बढ़ा दी गई है और आस-पास के कई पिछड़े क्षेत्रों को नगर निगम में शामिल कर लिया गया है, लेकिन अलहदादपुर नीवरी पंचायत अब तक इससे वंचित है। इसके चलते क्षेत्रवासियों को बुनियादी सुविधाओं और जीवन स्तर में सुधार का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
प्रधान रूबीना बेगम ने शासन से निवेदन किया है कि जनता की तीन वर्षों से चल रही इस मांग को देखते हुए इस क्षेत्र को नगर निगम सीमा में शामिल करने हेतु प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा जाए। इससे क्षेत्रवासियों में विकास की उम्मीदें पूरी होंगी और एक नई खुशी की लहर दौड़ेगी।